हरिद्वार, संवाददाता। नूरपुर पंजनहेड़ी गोलीकांड में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान और ग्राम प्रधान प्रदीप चौहान के नेतृत्व में ग्रामीणों व समर्थकों का एक प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह से मुलाकात कर अन्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 28 जनवरी को ग्राम पंजनहेड़ी स्थित उषा टाउनशिप में हुए गोलीकांड में अमित चौहान के भाई सचिन चौहान और रिश्तेदार कृष्णपाल पर जानलेवा हमला किया गया था। मामले में नामजद कई आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
बताया गया कि आरोपियों में भाजयुमो प्रदेश मंत्री तरुण चौहान पुत्र दीपक, गौरव चौहान पुत्र प्रदीप कुमार, अभिषेक चौहान उर्फ सिम्मी पुत्र सतवीर और अभिषेक पुत्र त्रिलोक चंद शामिल हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ये सभी आरोपी खुलेआम क्षेत्र में घूम रहे हैं, जिससे पीड़ित पक्ष और उनके परिवार की सुरक्षा को गंभीर खतरा बना हुआ है। साथ ही यह भी मांग उठाई गई कि तरुण चौहान और गौरव चौहान के लाइसेंसी हथियारों को निरस्त किया जाए।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान अवनीश चौहान, राहुल चौहान, संजय चौहान, चंदन सिंह, अंकित चौहान, राजकुमार, आकाश कुमार, शंकर, गौतम कुमार, विनीत चौहान, सहदेव, अभिषेक उर्फ शानू चौहान, विशाल, शैलेंद्र मिश्रा, तरुण चौहान, राहुल, योगेंद्र चौहान, अंकित, दिवाकर और राकेश चौहान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण व समर्थक मौजूद रहे।

