हरिद्वार, संवाददाता। एक दिन पहले लक्सर कोतवाली क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर पर हुए गोलीकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस वारदात को अंजाम देने वाले दोनों बदमाशों खानपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आज गुरुवार शाम को दोनों की गिरफ्तारी की गई है। आरोपियों के नाम सन्नी यादव और अजय हैं।
जिन्होंने पेशी के लिए जा रहे बदमाश विनय त्यागी को गोलियां मारी और फरार हो गए थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आमने आया कि दोनों हार्डकोर क्रिमिनल हैं, जिन पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने भी आरोपियों से पूछताछ की है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस की पांच टीमें लगाई गई थी। दोनों आरोपी बाइक छोड़कर पैदल फरार हुए थे, इसलिए पुलिस को अंदेशा था कि दोनों आसपास ही कहीं छिपे होंगे। जाल बिछाकर दोनों बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पीएसी की तीन प्लाटून भी दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई थी। फिलहाल दोनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं। उन्होंने विनय त्यागी पर गोलियां क्यों चलाई, इसकी ही गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
डोसनी फ्लाईओवर से पहले सड़क किनारे बाइक छोड़कर फरार हुए थे दोनों बदमाश
पुलिस की जांच में सामने आया कि वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक जो बिना नंबर प्लेट की थी, उसी से फरार हुए। पकड़े जाने के डर से दोनों ने पैदल भागने की योजना बनाई। दोनों डोसनि पुल पर चढ़ने से पूर्व ही बाइक को झाड़ियों में फेंककर पैदल फरार हो गए। पुलिस की सभी टीमें आरोपियों की धरपकड़ में जुटी थी। दोनों को हरिद्वार से सीमा से बाहर जाने नहीं दिया गया, क्योंकि बॉर्डर पर सख्त चेकिंग की जा रही थी। पुलिस ने आखिरकार वारदात के अगले दिन दोनों आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल कर ली। हालांकि अभी ये साफ नहीं हो पाया है कि दोनों ने क्यों और किसलिए पेशी पर ले जाते वक्त विनय त्यागी पर जानलेवा हमला किया।

