हरिद्वार। खेल महाकुंभ के तहत रविवार को शिवडेल स्कूल, बीएचईएल सेक्टर-1 रानीपुर में हरिद्वार जिला नेटबॉल चयन ट्रायल आयोजित किया गया। जिलेभर से पहुंचे करीब 80 से 90 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर युवा कल्याण विभाग की ओर से जिला स्तर के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया।
इससे पहले 27 सितंबर को प्रस्तावित चयन ट्रायल बारिश और मैदान गीला होने के कारण स्थगित कर दिया गया था। रविवार को मौसम साफ होने के बाद चयन प्रक्रिया दोबारा आयोजित की गई। खिलाड़ियों ने चयन के लिए पूरे उत्साह के साथ मैदान में अपना दमखम दिखाया।
खेल महाकुंभ के नोडल अधिकारी मुकेश भट्ट ने बताया कि चयन ट्रायल के माध्यम से जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है। चयनित खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में हरिद्वार जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
चयन प्रक्रिया में शालू तोमर, सचिन सैनी, प्रीति राठी, रजत कुमार, राहुल चिंद्रे और अमित चौधरी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करने के साथ उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन दिया। युवा कल्याण विभाग के खेल प्रशिक्षक मुदस्सिर अली (समीर) भी मौजूद रहे।
हरिद्वार नेटबॉल संघ की ओर से खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन दिया गया। चयन ट्रायल को लेकर खिलाड़ियों के साथ अभिभावकों में भी उत्साह नजर आया।
विद्यालय के चेयरमैन शरदपुरी महाराज और प्रधानाचार्य पुनीत श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। चयन प्रक्रिया का उद्देश्य जिले की नेटबॉल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

