हरिद्वार। बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश सचिव नेता शिवम कश्यप ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री बनाए जाने को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने हाल ही में जिन करीब 60 लोगों को दर्जा प्राप्त मंत्री नियुक्त किया है उनमें कई महत्वपूर्ण समाजों की खुलकर अनदेखी की गई है। कश्यप ने इसे भाजपा की कथनी और करनी में फर्क बताते हुए कहा कि सरकार सबका साथ सबका विकास की बात तो करती है। लेकिन व्यवहार में कुछ लोगों का साथ कुछ लोगों का विकास ही दिख रहा है।
उन्होंने ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने कश्यप समाज, गुर्जर समाज, धीमान समाज, पाल समाज, हिंदू नाई समाज, कबीरवंशी समाज और बंजारा समाज को दर्जा प्राप्त मंत्रियों की सूची में शामिल नहीं किया। जबकि ये सभी समाज उत्तराखंड की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है और इससे जनता में आक्रोश व्याप्त है।
शिवम कश्यप ने कहा कि भाजपा सिर्फ वोट लेने के समय इन वर्गों को याद करती है। लेकिन सत्ता में हिस्सेदारी देने के समय इन्हें हाशिये पर डाल देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह रवैया दर्शाता है कि उसकी नीतियां केवल कुछ खास वर्गों को लाभ पहुंचाने तक सीमित हैं। यदि सरकार ने जल्द ही इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया और इन उपेक्षित समाजों को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व नहीं दिया तो बसपा हर स्तर पर संघर्ष करेगी और आवाज को मजबूती से उठाएगी। उल्लेखनीय है कि हाल ही में उत्तराखंड सरकार ने विभिन्न वर्गों से लगभग 60 सामाजिक कार्यकर्ताओं और नेताओं को दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री बनाया है। इस सूची को लेकर बसपा ने भी भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है।

