हरिद्वार, 9 जून। सोमवार रात ज्वालापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर रॉयल वृंदावन होटल के पास मजदूरों से भरी एक मैक्स गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त गाड़ी में 13 लोग सवार थे जिनमें से 11 मजदूर घायल हो गए। सभी मजदूर सहारनपुर से उत्तराखंड के कर्णप्रयाग में मजदूरी के लिए रवाना हुए थे। रात्रि करीब 9 बजे हादसे की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ज्वालापुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल 108 सेवा व अन्य माध्यमों से राजकीय अस्पताल भिजवाया गया जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने तत्काल मौके पर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में सवार सभी लोग सहारनपुर जिले के विभिन्न गांवों के निवासी हैं। घायल मजदूरों में कुछ की उम्र 16 से 20 वर्ष के बीच है। पुलिस के अनुसार घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। प्रशासन द्वारा घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है।
घायल मजदूरों के नाम व विवरण:
- अमित पुत्र सतपाल (34 वर्ष), ग्राम बड़गांव, थाना गंगोह, सहारनपुर
- परितोष पुत्र काशीराम (50 वर्ष), ग्राम भैसरो, थाना ननौता, सहारनपुर
- सुनील पुत्र विक्रम सिंह (34 वर्ष), ग्राम माधोपुर, थाना तित्रों, सहारनपुर
- पंकज पुत्र फूल सिंह (38 वर्ष), ग्राम कलरपुर गुर्जर, थाना मनिहारान, सहारनपुर
- अजंता मेनवाल पुत्र धनीराम (16 वर्ष), ग्राम कलरपुर गुर्जर
- राजू पुत्र बबलू (20 वर्ष), ग्राम कलरपुर गुर्जर
- सुनील पुत्र फूल सिंह (30 वर्ष), ग्राम कलरपुर गुर्जर
- हर्ष देव पुत्र धनीराम (28 वर्ष), ग्राम कलरपुर गुर्जर
- अजय कुमार पुत्र भरत सिंह (27 वर्ष), ग्राम कलरपुर गुर्जर
- साहिल मेहरा पुत्र राजकुमार (24 वर्ष), ग्राम कलरपुर गुर्जर
- मोनू कुमार पुत्र राजकुमार (30 वर्ष), ग्राम कलरपुर गुर्जर