हरिद्वार, संवाददाता। लक्सर–हरिद्वार मार्ग पर शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे घने कोहरे के चलते एक सड़क हादसा हो गया। जगजीतपुर से लक्सर की ओर जा रही एक कार श्री सीमेंट फैक्ट्री के पास सड़क किनारे खड़े डंपर में जा घुसी। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर देर रात खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। सुबह कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिस वजह से कार चालक को डंपर समय पर दिखाई नहीं दिया और वाहन उससे टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल लक्सर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसे का कारण घना कोहरा और सड़क किनारे खड़ा खराब डंपर माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

