गीता जोशी।
हरिद्वार। आगामी श्रावण कांवड़ मेला-2026 को सकुशल संपन्न कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह और सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र कुमार ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के साथ चंडीघाट से चिड़ियापुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग, नहर पटरी और कांगड़ी फ्लाईओवर का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग पर दुर्घटना संभावित स्थानों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को सभी कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ यात्रियों को आवागमन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक सुरक्षा और यातायात संबंधी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाले श्रावण कांवड़ मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पुलिस और संबंधित विभागों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया जा रहा है। जहां भी सड़क, बैरिकेडिंग, संकेतक या अन्य व्यवस्थाओं में कमी मिली है, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर हितेश, प्रभारी निरीक्षक श्यामपुर अवनी तिवारी, संदीप नेगी समेत पुलिस और एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।

