हरिद्वार। हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र के ग्राम डालूवाला मज़बता गांव में शनिवार देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे दो मौसेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। अचानक बदले मौसम और तेज गर्जना के बीच गिरी बिजली की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान नरेंद्र सिंह उर्फ नगीन (55) पुत्र स्वर्गीय अतर सिंह निवासी ग्राम डालूवाला मज़बता और रणधीर सिंह (38) पुत्र जीत सिंह निवासी ग्राम खालाटीरा, थाना सिडकुल के रूप में हुई है। दोनों आपस में मौसेरे भाई थे। रणधीर की शादी डालूवाला मज़बता गांव में हुई थी। हालांकि वह मूल रूप से खालाटीरा गांव का निवासी था। दोनों गांव एक दूसरे के निकट होने के कारण दोनों परिवारों का लगातार आना जाना था।
पुलिस के अनुसार शनिवार शाम दोनों खेत में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बादलों की गर्जना के साथ आकाशीय बिजली खेत में आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और खेत में ही गिर पड़े। खेत में दोनों के मौत की खबर के बाद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी। सूचना मिलते ही थाना सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
घटना की जानकारी जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी दे दी गई है। प्रशासन की ओर से नियमानुसार सहायता और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण आकाशीय बिजली गिरना ही प्रतीत हो रहा है, बाकी मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं दर्दनाक हादसे के बाद डालूवाला मज़बता और खालाटीरा गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

