हरिद्वार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की आर्यनगर स्थित चाणक्य शाखा की ओर से ज्वालापुर के अनुराग पैलेस में परिवार मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें स्वयंसेवकों के साथ उनके परिवारों की महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, संस्कार, त्याग और राष्ट्रभाव से जुड़ी प्रस्तुतियां दी गईं। समारोह की शुरुआत अतिथियों और परिवारजनों के तिलक और पटका पहनाकर स्वागत से हुई।
स्वयंसेवकों ने वाद्य यंत्रों के साथ ‘निज गौरव को, निज वैभव को, क्यों हिंदू बहादुर भूल गए’ गीत की सामूहिक प्रस्तुति दी। इसके बाद वीरांगना पन्नाधाय के त्याग और बलिदान पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की गई। पन्नाधाय द्वारा अपने पुत्र चंदन के बलिदान की मार्मिक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। पन्नाधाय की भूमिका निभाने वाली रेनू के अभिनय की भी सराहना की गई।

पूर्व जिला संघचालक रोहिताश कुंवर चौहान की प्रस्तुति ने भी लोगों को भावविभोर किया। जिला संघचालक डॉ. नागयान ने कहा कि परिवार संस्कारों की पहली पाठशाला है। परिवार में आपसी संवाद, आत्मीयता और भारतीय परंपराओं को मजबूत करना जरूरी है।
विभाग प्रचारक राकेश ने राष्ट्रभाव, सामाजिक समरसता और परिवार की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कुटुंब प्रबोधन अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्कारित और सुदृढ़ परिवार ही मजबूत समाज और राष्ट्र की आधारशिला है। मुख्य अतिथि समाजसेवी सतीश त्यागी ने भी परिवार और समाज में संस्कारों के प्रसार को समय की आवश्यकता बताया।

नगर संघचालक अधिवक्ता ज्ञानेश्वर ठकराल ने सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों और परिवारजनों का आभार जताया। समारोह में मुनेश चौहान, नगर प्रचारक तनुज, उमेश मिश्रा, डॉ. अनुराग, अमरेश, राजेंद्र रुहेला, ब्रह्मपाल, देवी प्रसाद, धनवीर, वेदपाल, सतीश गोला, सतीश चौहान, सतीश गुप्ता, डॉ. आलोक, डॉ. अश्वनी, कुंवर पाल, अधिवक्ता कुशल पाल, हरदम सिंह, दीपक, मनोज, कार्तिक, प्रमोद, बृज किशोर, ओमप्रकाश सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और परिवारजन मौजूद रहे।

