विश्व मात्स्यिकी दिवस पर जलीय जैव विविधता के संरक्षण का दिया संदेश, जनसहभागिता की अपील की
हरिद्वार, संवाददाता। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार के अमरापुर घाट पर गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीज का संचय किया। मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण और संवर्धन के लिए जनसहभागिता बढ़ाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा केवल आस्था और संस्कृति का आधार नहीं, बल्कि प्रदेश की प्राकृतिक विरासत और जैव विविधता का भी महत्वपूर्ण स्रोत हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नदियों में पाए जाने वाले जलीय जीवों और मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नदियों में मत्स्य बीज संचयन जैसी पहल से प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों को बढ़ावा मिलता है। इससे नदी में मछलियों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ जलीय पारिस्थितिकी को मजबूत करने में मदद मिलती है। प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से गंगा में प्रदूषण रोकने, जलीय जीवों के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने और नदी की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसडीएम योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा और सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

