लक्सर से गंभीर हालत में हरिद्वार रेफर की गई थी 36 सप्ताह की गर्भवती, एमसीएच विंग एनपीपीएल अस्पताल में जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में दौरे पड़ने के बाद एक गर्भवती महिला की हालत बिगड़ गई। गर्भावस्था के 36वें सप्ताह में महिला की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे हरिद्वार स्थित एमसीएच विंग एनपीपीएल अस्पताल रेफर किया गया। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू करते हुए सुरक्षित प्रसव कराया। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दो दिन तक वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। लगातार उपचार और निगरानी के बाद अब जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, प्रियंका नाम की गर्भवती महिला को 36 सप्ताह के गर्भ के दौरान अचानक दौरे पड़ने लगे थे। लक्सर में प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में हरिद्वार के एमसीएच विंग एनपीपीएल अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उपचार शुरू किया। गर्भवती महिला और गर्भस्थ शिशु की जान को खतरा देखते हुए विशेषज्ञों की निगरानी में सुरक्षित प्रसव कराया गया।
महिला की हालत नाजुक होने के कारण प्रसव के बाद भी उसे विशेष निगरानी में रखा गया। उसे दो दिन तक वेंटिलेटर पर रखकर उपचार किया गया। महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अनामिका शाह और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. आस्था सिंह की देखरेख में उपचार जारी रहा। चिकित्सकों की टीम ने महिला की स्थिति पर लगातार नजर रखी। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, पूरे उपचार के दौरान महिला को निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। फिलहाल मां और नवजात की स्थिति सामान्य है। स्वास्थ्य में लगातार सुधार को देखते हुए अगले एक-दो दिन में दोनों को अस्पताल से छुट्टी दिए जाने की संभावना है।
गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंची गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव और उसके बाद मां बच्चे की हालत में सुधार से परिजनों ने राहत की सांस ली है।

