हरिद्वार। कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त नंदन कुमार ने मंगलवार को विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने नगर निगम कार्यालय के पास अपर गंगा नहर के दाहिने किनारे सिंचाई विभाग की ओर से कराए जा रहे घाट निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इसके बाद बहादराबाद विकासखंड के बैरागी कैंप क्षेत्र में स्केप चैनल पर निर्माणाधीन स्नान घाटों की प्रगति देखी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि कुंभ मेले को देखते हुए सभी निर्माण कार्य तय समय में पूरे किए जाने जरूरी हैं। काम में अनावश्यक देरी न हो और जरूरत पड़ने पर रात्रिकालीन शिफ्ट में भी काम कराया जाए, ताकि सभी कार्य समय से पहले पूरे किए जा सकें।
नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए पानी के चैनलों, स्नान घाटों और अन्य निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम की गति बढ़ाने के साथ गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और कार्यदायी संस्थाओं के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मेला क्षेत्र में जरूरी अवस्थापना सुविधाओं का समय से पहले तैयार होना जरूरी है।

