हरिद्वार। कुंभ मेले की तैयारियों के बीच रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में जल संस्थान के चार आवासीय क्वार्टर खाली कराने के आदेश से कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से परिवार के साथ इन आवासों में रह रहे हैं। ऐसे में बिना वैकल्पिक आवास की व्यवस्था किए क्वार्टर खाली कराने से उनके सामने रहने की समस्या खड़ी हो जाएगी।
उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संगठन (गढ़वाल मंडल) के मंडल अध्यक्ष प्रवीन सैनी और महामंत्री विपिन उनियाल ने मेलाधिकारी और अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला को पत्र भेजकर मामले से अवगत कराया है। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार रोड़ीबेलवाला में जल संस्थान के ट्यूबवेल के पास चार क्वार्टर हैं, जिनमें कर्मचारी लंबे समय से परिवार के साथ रह रहे हैं। क्वार्टर खाली कराने से कर्मचारियों के साथ उनके परिजनों, बच्चों और बुजुर्गों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पदाधिकारियों का कहना है कि कर्मचारी कुंभ मेले की व्यवस्थाओं में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं।
मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं के लिए यदि आवास खाली कराना जरूरी है तो कर्मचारियों को पहले वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि अचानक आवास खाली कराने से बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों की देखभाल भी प्रभावित होगी। संगठन ने प्रशासन से हरिद्वार में सिंचाई विभाग के खाली पड़े क्वार्टरों अथवा बीएचईएल परिसर में उपलब्ध आवासों में कर्मचारियों को वैकल्पिक आवास देने की मांग की है।
कर्मचारियों ने कहा कि कुंभ की तैयारियों में किसी तरह की बाधा नहीं डालना चाहते, लेकिन परिवारों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन को मानवीय आधार पर पहले वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए।

