ज्वालापुर में आबकारी विभाग की छापेमारी, छह पेटी शराब बरामद
दीपावली के मद्देनजर अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए विभाग की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हरिद्वार। दीपावली के पर्व को देखते हुए अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने ज्वालापुर में ट्रक यूनियन के पास एक मकान पर छापेमारी कर करीब छह पेटी शराब बरामद की है। शराब को कब्जे में लेकर विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, दीपावली के त्योहार के मद्देनजर आबकारी विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं। विभाग को ज्वालापुर क्षेत्र में अवैध रूप से शराब रखे जाने और उसकी बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला के निर्देश पर आबकारी इंस्पेक्टर दर्शन सिंह रावत के नेतृत्व में टीम ने ज्वालापुर ट्रक यूनियन के पास जगपाल के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से करीब छह पेटी शराब बरामद हुई। टीम ने शराब को जब्त कर लिया और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।

जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला ने बताया कि दीपावली के पर्व को देखते हुए अवैध शराब की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सभी आबकारी निरीक्षकों और टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अवैध रूप से शराब का भंडारण करने और उसकी बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शराब की अवैध बिक्री की आशंका को देखते हुए विभाग की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। किसी भी व्यक्ति को नियमों का उल्लंघन कर शराब बेचने या उसका अवैध भंडारण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

