ऋषिकेश। पौड़ी गढ़वाल जिले के चीला क्षेत्र में नहर में डूबकर लापता हुए नोएडा के कारोबारी नीरज गुप्ता का शव आज मंगलवार को बरामद कर लिया गया। जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम पिछले कई दिनों से नहर में उनकी तलाश कर रही थी। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नीरज गुप्ता चीला क्षेत्र स्थित एक रिजॉर्ट का लीज पर संचालन कर रहे थे। यह रिजॉर्ट, अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े वनंत्रा रिजॉर्ट के पास ही स्थित है। उनकी पत्नी की शिकायत पर लक्ष्मण झूला थाना पुलिस ने हरिद्वार निवासी रवि बजाज और गगन बत्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को नीरज गुप्ता निवासी ग्रेटर नोएडा बीते दिनों चीला क्षेत्र में पनाम्बी रिजॉर्ट के पीछे नहर में डूबकर लापता हो गए थे। घटनास्थल के पास से उनके जूते और मोबाइल फोन बरामद हुए थे। बताया गया था कि नहर में जाने से पहले वह पांच पेज का एक नोट छोड़कर गए थे। इसके बाद से ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें उनकी तलाश में जुटी थीं। आज मंगलवार को नहर से उनका शव बरामद कर लिया गया।

इस मामले में नीरज गुप्ता की पत्नी विनीता गुप्ता ने लक्ष्मणझूला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 28 अक्टूबर को दो नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पत्नी ने शिकायत में आरोप लगाया था कि उनके पति गंगा भोगपुर तल्ला स्थित रिजॉर्ट का संचालन लीज पर कर रहे थे। जमीन से संबंधित खरीद फरोख्त और धनराशि के लेनदेन को लेकर दो व्यक्तियों के साथ उनका विवाद चल रहा था। आरोप है कि विवाद के चलते दोनों व्यक्तियों और अन्य लोगों ने नीरज गुप्ता को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इसी से परेशान होकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया। नीरज गुप्ता अपने पीछे पांच पेज का नोट छोड़ गए थे, जिसमें उन्होंने अपनी परेशानी और यह कदम उठाने के कारणों का उल्लेख किया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी थी। इस बीच नीरज गुप्ता की लगातार तलाश की जा रही थी और कड़ी मशक्कत के बाद जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नीरज गुप्ता के शव को नहर से बरामद कर लिया।

लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि नहर से मृतक के शव को बरामद कर लिया गया है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले की विवेचना जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

