बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत समेत पुराने पुलों के सुदृढ़ीकरण पर
लखनऊ/उत्तराखंड। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान और पूर्व में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई। बैठक में सिंचाई विभाग से जुड़ी परिसंपत्तियों के निस्तारण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही झनकैया पुल और सूखा पुल समेत सिंचाई विभाग के पुराने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आवश्यकता के अनुसार पुनर्निर्माण पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि इन कार्यों का सीधा संबंध स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, आवागमन और किसानों को मिलने वाली सिंचाई सुविधाओं से है।
बैठक में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबित मामलों के निस्तारण पर भी विचार-विमर्श किया गया। पूर्व में दोनों राज्यों के स्तर पर बनी सहमति के अनुरूप हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष मामलों को समयबद्ध तरीके से निपटाने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग और निरंतर समन्वय से परिसंपत्तियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हो चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शेष लंबित विषयों का भी आपसी सहमति से जल्द निस्तारण किया जाएगा। धामी ने परिसंपत्तियों से जुड़े मामलों के समाधान में उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार भी जताया।

