राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी को सौंपा आवेदन, संगठन और व्यापारिक क्षेत्र में निभा चुके हैं कई जिम्मेदारियां
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा सीट से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर संजीव चौधरी ने अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने शनिवार को राज्यसभा सांसद एवं पार्टी की पर्यवेक्षक डॉ. कल्पना सैनी को अपना आवेदन सौंपते हुए रानीपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने का आग्रह किया।
संजीव चौधरी वर्तमान में भाजपा हरिद्वार जिले के जिला महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके साथ ही वह राष्ट्रीय व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। लंबे समय से भाजपा संगठन और व्यापारिक क्षेत्र में सक्रिय संजीव चौधरी विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। संजीव चौधरी इससे पहले शिवालिक नगर क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। चुनावी अनुभव के साथ संगठन में सक्रिय भूमिका और व्यापारियों के बीच पकड़ को उनकी दावेदारी का प्रमुख आधार माना जा रहा है।
आवेदन सौंपने के दौरान उन्होंने पार्टी नेतृत्व के समक्ष रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने की अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि पार्टी यदि उन्हें प्रत्याशी के रूप में अवसर देती है तो वह पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरकर भाजपा को मजबूत करने का काम करेंगे।
रानीपुर विधानसभा भाजपा के लिए महत्वपूर्ण सीट मानी जाती है। ऐसे में टिकट को लेकर पार्टी के भीतर दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है। संजीव चौधरी की ओर से दावेदारी पेश किए जाने के बाद अब पार्टी नेतृत्व के स्तर पर संभावित प्रत्याशियों के संगठनात्मक अनुभव, जनसंपर्क और चुनावी क्षमता का आकलन किया जाएगा।

