गीता जोशी।
हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को लालढांग क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के लालढांग मंडल की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा नेता स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में आयोजित यात्रा मीठीबेरी तिराहे से शुरू होकर लालढांग बाजार होते हुए गांधी चौक तक पहुंची। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ज्ञानदीप कन्या इंटर कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। यात्रा का जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल नजर आया।

स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज की युवा पीढ़ी को उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर देश की एकता और अखंडता के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

यात्रा में लालढांग मंडल अध्यक्ष विक्रम चौहान, जिला पंचायत सदस्य बृजमोहन पोखरियाल, ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी, लालढांग ग्राम प्रधान सुनील बिष्ट, लाला ओमप्रकाश, ज्ञानदीप कन्या इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जितेंद्र नेगी, जयचंद चतुर्वेदी, यशपाल रावत, सुभाष सैनी सहित भाजपा कार्यकर्ता, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

