हरिद्वार। जिला पंचायत कार्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी और अपर मुख्य अधिकारी महेश विश्नोई ने जिला पंचायत कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान जिला पंचायत के सदस्य, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला पंचायत भवन को तिरंगे से सजाया गया। परिसर में देशभक्ति का माहौल रहा और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के बाद जिला पंचायत परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी और अन्य अधिकारियों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के प्रत्येक नागरिक के लिए गौरव और संकल्प का पर्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए सभी को अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली आजादी को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

अपर मुख्य अधिकारी महेश विश्नोई ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। देश के विकास में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

