25 साल की संगठनात्मक यात्रा और जनसेवा का हवाला दिया
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा-26 से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के लिए प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरजीत सिंह ने अपनी दावेदारी पेश की है। शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी के पर्यवेक्षकों एवं वरिष्ठ नेताओं के समक्ष उन्होंने अपना बायोडाटा सौंपते हुए रानीपुर से चुनाव लड़ने का अवसर देने का अनुरोध किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद एवं पर्यवेक्षक डॉ. कल्पना सैनी और विधानसभा प्रभारी शोभाराम प्रजापति के समक्ष उन्होंने अपनी करीब 25 वर्षों की संगठनात्मक यात्रा और जनसेवा के कार्यों का विवरण रखा।
हरजीत सिंह ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2001 में भाजपा युवा मोर्चा के वार्ड अध्यक्ष के रूप में राजनीतिक सफर शुरू किया था। इसके बाद मंडल उपाध्यक्ष, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष के रूप में तीन बार, मुख्य संगठन में जिला महामंत्री, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष और मुख्य संगठन में जिला उपाध्यक्ष समेत विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। वर्तमान में वह भाजपा उत्तराखंड प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य हैं। वह माटी कला आयोग में सदस्य की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा उनके लिए केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और जनसेवा का माध्यम है। संगठन में रहते हुए उन्होंने पद और प्रतिष्ठा से अधिक पार्टी को मजबूत करने को प्राथमिकता दी। क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों को राशन कार्ड, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन, गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह, शिक्षा, बिजली और पानी समेत अन्य समस्याओं के समाधान के लिए काम करने का दावा किया।
हरजीत सिंह ने बताया कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक संयोजक के रूप में संगठन की जिम्मेदारी निभाई और पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों व अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि रानीपुर विधानसभा में औद्योगिक क्षेत्र के साथ शहरी और ग्रामीण आबादी रहती है। ऐसे में क्षेत्र की समस्याओं को समझने और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने वाले सक्रिय जनप्रतिनिधि की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है तो वह सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी क्षमता से काम करेंगे।
हरजीत सिंह ने कहा कि वह व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के लिए नहीं, बल्कि 25 वर्षों के संगठनात्मक अनुभव और समर्पण के आधार पर पार्टी से अवसर मांग रहे हैं। उन्होंने भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व से आग्रह किया कि उनके संगठनात्मक योगदान, राजनीतिक अनुभव और जनसेवा के कार्यों को ध्यान में रखते हुए रानीपुर विधानसभा-26 से प्रत्याशी बनाने पर विचार किया जाए।
उन्होंने कहा कि उनके लिए पद से बड़ा संगठन और चुनाव से बड़ी जनता की सेवा है। पार्टी नेतृत्व का निर्णय जो भी होगा, वह संगठन के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण बनाए रखेंगे।

