हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, मंडलीय रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन पर श्रद्धालुओं के प्रवेश, निकास, ठहराव, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेलवे अधिकारियों के साथ विस्तृत मंथन किया गया।
अधिकारियों ने नवनिर्मित अनारक्षित टिकट केंद्र, प्रतीक्षालय, होल्डिंग एरिया और यात्रियों के आवागमन के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रेलवे अधिकारियों ने कुंभ के दौरान संभावित यात्री संख्या को देखते हुए की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्टेशन पर भीड़ का दबाव कम करने के लिए प्रवेश और निकास की व्यवस्था पहले से निर्धारित और व्यावहारिक होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान आरक्षित और अनारक्षित यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रवेश मार्ग निर्धारित करने पर विचार किया गया। विभिन्न दिशाओं और क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए पृथक प्रस्थान व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान और यात्रियों की संख्या के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है, ताकि एक ही समय में स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ जमा न हो।
मॉक ड्रिल से परखी जाएगी व्यवस्था
कुंभ के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं की मॉक ड्रिल कराने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि केवल कागजों पर योजना तैयार करने के बजाय वास्तविक परिस्थितियों में व्यवस्थाओं को परखा जाना जरूरी है। यात्रियों की सुरक्षित निकासी के लिए अधिक से अधिक निकास मार्ग उपलब्ध कराने और आपातकालीन प्रबंधों को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
पार्किंग और यातायात पर भी फोकस
पुलिस अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि वाहनों के सड़कों पर खड़े होने से यातायात प्रभावित न हो। स्टेशन पर यात्रियों और वाहनों की आवाजाही को अलग-अलग व्यवस्थित करने की योजना पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण में सामने आए सुझावों और सुरक्षा संबंधी जरूरतों के आधार पर रेलवे की कार्ययोजना को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद मेला प्रशासन और रेलवे के बीच समन्वय स्थापित कर कुंभ से पहले सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान उत्तर रेलवे के ओएसडी कुंभ राजीव रंजन राजू, सीनियर डिवीजनल कॉमर्शियल मैनेजर महेश यादव, सीनियर डिवीजनल इंजीनियर तेजवीर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरि, अपर पुलिस अधीक्षक कुंभ राजेश भट्ट, अपर पुलिस अधीक्षक संचार विपिन कुमार, सीओ जीआरपी अनुज कुमार सहित मेला प्रशासन, पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी मौजूद रहे।

