उत्तराखंड। उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने अपने जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद रमेश पोखरियाल निशंक का संगठन की राजनीति में जलवा बरकरार रहा। उनके चार करीबियों को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। देहरादून महानगर से सिद्धार्थ अग्रवाल, ऋषिकेश जिले से राजेन्द्र तड़ियाल, हरिद्वार जिले से आशुतोष शर्मा और राजेन्द्र तड़ियाल रुड़की जिले से डॉ.मधु सिंह को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। ये सभी नेता पूर्व मुख्यमंत्री निशंक के करीबियों में माने जाते हैं।
टिकट कटने के बाद भी निशंक संगठन की राजनीति में सक्रिय हैं। अभी हाल ही में हुए निकाय चुनाव में भी रमेश पोखरियाल निशंक ने रुड़की मेयर सीट को भाजपा के खाते में जोड़ने का काम किया। उससे पहले उनके नेतृत्व में लड़े गए पंचायत चुनाव में तो एक तरफा भाजपा के ही जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और यहां तक कि ब्लॉक प्रमुख भी भाजपा ही जीती।

सोमवार को भी रमेश पोखरियाल निशंक के कई करीबी नेताओं की जिलाध्यक्ष पद पर ताजपोशी होने से साफ हो गया है कि निशंक की संगठन में मजबूत पकड़ है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद पर भी उनका नाम आगे चल रहा है। हालांकि निशंक साफ कर चुके हैं कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी उसका पूरी निष्ठा से पालन किया जाएगा।