हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र के मुंडाखेड़ा कला गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मगरमच्छ गांव के अंदर घुस आया। रात के अंधेरे में मगरमच्छ, ग्रामीण सुभाष के घेर में जाकर बैठ गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि घटना देर रात करीब साढ़े नौ बजे की है।
मगरमच्छ दिखाई देने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पहले तो ग्रामीणों खुद मगरमच्छ को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो पाए। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही लक्सर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। वन विभाग की टीम को मगरमच्छ को पकड़ने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद टीम ने सुरक्षित तरीके से मगरमच्छ को पकड़कर कब्जे में लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम का आभार भी व्यक्त किया है।

रेंज अधिकारी महेंद्र गिरी ने बताया कि टीम को सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर भेजा गया था। टीम ने सतर्कता के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि इस तरह की स्थिति में घबराएं नहीं और तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
रेस्क्यू टीम में रामनाथ, सुमित और गुरजंट सिंह शामिल रहे।

