हरिद्वार। कुंभ मेले की तैयारियों के बीच सोमवार को हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। धर्मनगरी में कैबिनेट बैठक होने से साधु-संतों में उत्साह देखने को मिला। संतों ने इसे कुंभ की तैयारियों और हरिद्वार के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण पहल बताया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज को इस मौके पर वर्ष 2025 में प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ की तैयारियां याद आ गईं। उन्होंने कहा कि प्रयागराज कुंभ से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी वहां कैबिनेट बैठक की थी। इसके बाद भव्य महाकुंभ का आयोजन हुआ। अब हरिद्वार में कैबिनेट बैठक होने से संत समाज को कुंभ की तैयारियों में तेजी आने की उम्मीद है।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज सोमवार को मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने के निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन से पहले प्रदेश सरकार का हरिद्वार में बैठक करना महत्वपूर्ण है। इससे कुंभ मेले की व्यवस्थाओं के साथ ही प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार का ध्यान केंद्रित होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की इस पहल से संत समाज में सकारात्मक संदेश गया है।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने प्रयागराज महाकुंभ का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2025 में कुंभ से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में कैबिनेट बैठक की थी। उस दौरान कुंभ की व्यवस्थाओं के साथ प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई थी। हरिद्वार में भी इसी तरह की बैठक होने से संत समाज को उम्मीद है कि कुंभ की तैयारियों को गति मिलेगी और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार का कुंभ देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा आयोजन है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और घाटों की व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करना जरूरी है। कुंभ के सफल आयोजन के लिए सरकार और प्रशासन को अभी से योजनाबद्ध तरीके से काम करना होगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हरिद्वार में कैबिनेट बैठक होना संत समाज के लिए उत्साहजनक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बैठक में कुंभ की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लेने के साथ उत्तराखंड के विकास और जनहित से जुड़े विषयों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

