हरिद्वार, 20 नवंबर। यूजीसी के प्रस्तावित कानून को लेकर श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आने वाल नेताओं से चर्चा कराए जाने की मांग उठाई है। परशुराम घाट पर कार्यकर्ताओं ने बैठक कर अपनी मांग रखी। अखाड़े के कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्थानीय भाजपा नेता इस मुद्दे को केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखें और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कराकर यूजीसी कानून को लेकर सवर्ण समाज की चिंताओं से अवगत कराएं। मांग पूरी नहीं होने पर अखाड़े ने विरोध दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि यूजीसी कानून को लेकर सवर्ण समाज के बीच चिंता का माहौल है। उनका आरोप है कि कानून के प्रावधानों से सवर्ण समाज के बच्चों के भविष्य पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को राजनीतिक दलों और सरकार के स्तर पर गंभीरता से लिया जाना चाहिए। पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आने वाले केंद्रीय नेताओं को यूजीसी कानून पर चर्चा करनी चाहिए। स्थानीय भाजपा नेताओं को केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कराकर समाज की बात उनके सामने रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय स्तर से केंद्रीय नेतृत्व तक बात नहीं पहुंचाई गई और प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात नहीं कराई गई तो श्री अखंड परशुराम अखाड़ा इसका विरोध दर्ज कराएगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े किसी भी कानून का सीधा असर युवाओं के भविष्य पर पड़ता है। इसलिए सरकार को सभी वर्गों की चिंताओं को सुनकर ही आगे बढ़ना चाहिए। अखाड़े ने भाजपा नेताओं से इस मामले में जल्द पहल करने की मांग की है।
बैठक में पदम प्रकाश, कुलदीप शर्मा, स्वामी कार्तिकेय गिरी, विशाल चौहान, रोहित गिरी, मनोज ठाकुर, पवन भगवा, करण पंडित, ऋषि शर्मा और आचार्य संजय कई लोग मौजूद रहे

