हरिद्वार। शिवालिक नगर पालिका क्षेत्र के नवोदय नगर स्थित वार्ड संख्या-13 में छठ महापर्व को देखते हुए छठ मैया पार्क की सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। रविवार को नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने गली नंबर सात स्थित पार्क में सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।
नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा और लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। छठ मैया पार्क में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्रती पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। निर्माण कार्य पूरा होने से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और पर्व के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क, पेयजल, स्वच्छता और पथ प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर नगर के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उनका प्रयास है कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर दिखाई दें और प्रत्येक क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें।
इस दौरान सभासद दीपक नौटियाल, अवधेश राय, मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, बिंदरपाल, श्वेता सिंह, भानु प्रताप सिंह, प्रदीप चंदेल, सुधांशु राय, जटाशंकर श्रीवास्तव, कुबेरनाथ, रणविजय पांडेय, राज नारायण मिश्रा, शिव शंकर मिश्रा, विपिन पांडेय, आकाश पाल, रामनिवास गुर्जर, अंशुल शर्मा, संदीप चौधरी, आदित्य मलिक, शैलेश, संचित डागर, संजय सिंह, अरुण सिंह, राहुल भारद्वाज, नीलम रावत, अनुज राणा, लवी त्यागी, अजय सिंह और अमन सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

