भाजपा का बल सरकार नहीं, संगठन है; कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत, तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने का जताया भरोसा
हरिद्वार। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में हमारा और आपका कमल कमाल कर रहा है। प्रदेश में भाजपा का संगठन देवदार के विशाल वृक्ष की तरह मजबूत और गहरी जड़ों वाला है। इसे कोई ताकत न उखाड़ सकती है और न हिला सकती है। भाजपा की असली ताकत सरकार नहीं, बल्कि उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता के भरोसे के दम पर उत्तराखंड में भाजपा तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।
रविवार को हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि लगातार दो बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना संगठन के परिश्रम और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में रहते हुए भी उतनी ही सक्रिय और जीवंत रहनी चाहिए, जितनी सत्ता से बाहर रहते हुए रहती है। सांसद, विधायक और मंत्री बनने के बाद भी जनप्रतिनिधियों की संगठन के प्रति निकटता और बढ़नी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश के 20 से अधिक राज्यों में एनडीए की सरकारें हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व, जनकल्याणकारी नीतियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है। प्रधानमंत्री का विकसित और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प जनकल्याण की भावना से प्रेरित है।
नौ सूत्रों से संगठन मजबूत करने का दिया मंत्र
राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए नौ सूत्र दिए। उन्होंने कहा कि मंडल, जिला और बूथ स्तर पर नियमित संवाद और बैठकें होनी चाहिए। भाजपा कार्यकर्ता किसी भी आपदा, दुर्घटना या संकट के समय सबसे पहले सहायता के लिए पहुंचने वाला व्यक्ति बने। सोशल मीडिया का उपयोग केवल प्रचार के लिए नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने के लिए भी किया जाए।
उन्होंने कहा कि राजनीति में व्यक्तिगत हमलों और अमर्यादित भाषा से बचना चाहिए। विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों के आधार पर दिया जाए। युवाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें नेतृत्व के अवसर दिए जाएं। केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को योजनाओं की सूची के बजाय आम लोगों के जीवन में आए बदलावों और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को अनुशासन, ईमानदारी और नैतिकता बनाए रखने की नसीहत देते हुए कहा कि पार्टी की छवि उसके प्रत्येक कार्यकर्ता के व्यवहार से बनती है। पद और दायित्व को लेकर आपसी मतभेद नहीं होने चाहिए। संगठन की एकजुटता सबसे बड़ी ताकत है।
अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम भाजपा की पहचान
रक्षा मंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान नहीं होने का संकल्प तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद भाजपा की वैचारिक नींव हैं। भाजपा अंत्योदय के संकल्प के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए काम करती है। पार्टी के लिए सत्ता साध्य नहीं, बल्कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत केंद्र सरकार की योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाया है। पुलवामा हमले के बाद आतंकवाद के खिलाफ भारत की कार्रवाई देश के मजबूत नेतृत्व और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक है।
धामी सरकार के फैसलों की सराहना
राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और महत्वपूर्ण फैसलों की सराहना की। उन्होंने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा नियंत्रण कानून का उल्लेख किया। कहा कि उत्तराखंड पूर्ण साक्षर राज्य बना है और प्रदेश में निवेश तथा उद्योगों का विस्तार हो रहा है। स्टार्टअप की बढ़ती संख्या से युवा रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले बन रहे हैं।
उन्होंने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई, सड़क और रेल कनेक्टिविटी के विस्तार तथा केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में विकास कार्यों को प्रदेश की बदलती तस्वीर बताया। महिला सशक्तिकरण और सैनिकों के सम्मान के लिए उठाए गए कदमों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि शहीद सैनिकों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में वृद्धि और गुन्नियाल गांव में निर्माणाधीन सैन्य धाम सैनिकों के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की गौरवशाली सैन्य परंपरा, समृद्ध संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना सरकार और संगठन की साझा जिम्मेदारी है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करते हुए तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया।

