डीएम मयूर दीक्षित ने दिए निर्देश, 23 नवंबर सुबह से संभालेंगे जिम्मेदारी, 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
हरिद्वार, संवाददाता। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 24 नवंबर को होने वाले स्नान पर्व पर देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं का खाका तैयार किया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पूरे मेला क्षेत्र को आठ जोन और 30 सेक्टरों में बांटकर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं।
डीएम ने निर्देश दिए हैं कि सभी मजिस्ट्रेट 23 नवंबर सुबह 10 बजे से 24 नवंबर को स्नान पर्व की समाप्ति तक अपने निर्धारित क्षेत्रों में तैनात रहेंगे। हरकी पैड़ी, माई सतीघाट, सुभाष घाट, बाईपास, खड़खड़ी, अपर रोड, सिंहद्वार और मनसा देवी मंदिर को आठ जोन बनाया गया है। इन क्षेत्रों में अधिकारियों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा 30 सेक्टरों में अलग-अलग मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे, जो अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने, यातायात सुचारू रखने और आवागमन में आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करने को कहा गया है। सभी अधिकारियों को 24 घंटे मोबाइल फोन चालू रखने और प्रशासन के संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
स्नान पर्व के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए रोशनाबाद स्थित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह 23 नवंबर से 24 घंटे संचालित रहेगा। कंट्रोल रूम का नंबर 7351428593 जारी किया गया है। यहां तैनात कर्मचारी संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर सूचनाओं का आदान-प्रदान करेंगे।
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को हरकी पैड़ी सहित प्रमुख स्नान घाटों पर प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पर्याप्त चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती के साथ जिला अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में भी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया है। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, जल संस्थान और जल निगम को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सिंचाई विभाग घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा और मरम्मत संबंधी कार्य सुनिश्चित करेगा। अग्निशमन विभाग को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने और नगर निगम को घाटों व आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है। वहीं, अपर रोड सहित प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था, पार्किंग और श्रद्धालुओं के आवागमन को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी। मनसा देवी मंदिर में ट्रॉली संचालन और पैदल मार्ग की व्यवस्थाओं पर भी प्रशासन की नजर रहेगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी पर तैनात अधिकारी बिना अनुमति अपना कार्यक्षेत्र नहीं छोड़ेंगे। लापरवाही या अनुपस्थिति मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्तिक पूर्णिमा स्नान को सुरक्षित और सुव्यवस्थित संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

