हरिद्वार, 08 सितंबर। हरिद्वार की लक्सर कोतवाली क्षेत्र में लड़की से छेड़छाड़ के मामले को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में जमकर लाठी डंडे चले जिसमें दोनों पक्षों के करीब 7 से 8 लोग लहू लुहान हो गए। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। बवाल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस का कहना है की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि लक्सर कोतवाली क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में दो परिवारों के बीच लड़की से छेड़छाड़ को लेकर तनाव चल आ रहा था जो आज झड़प में बदल गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग करने का आरोप भी लगाया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जिसमें फायरिंग की आवाज सुनाई दे रही है। मगर फायरिंग की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है और मामले में सख्त कार्रवाई की बात अधिकारियों ने कही है।

