हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के डांडी चौक पर सोमवार को सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस की चेतक बाइक पर सवार एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घायल कांस्टेबल का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। #टक्कर

पुलिस के अनुसार, सोमवार की शाम 35 वर्षीय मनोज कुमार को हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के ही रहने वाले है, अपनी मोटरसाइकिल पर डांडी चौकी की तरफ जा रहे थे। जबकि 22 वर्षीय अजय निवासी हौजखेड़ी, सहारनपुर उत्तर प्रदेश भी बाइक पर सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान डंडी चौंक के पास पुलिस चेतक बाइक पर कांस्टेबल सुशील कुमार और चेतन भी गश्त कर रहे थे। चेतक कर्मियों ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया लेकिन उन्होंने बाइक दौड़ा दी। शक होने पर चेतक कर्मियों ने उनका पीछा किया। चौराहे पर पहुंचते ही अचानक दो बाईकों के बीच आमने सामने की टक्कड़ हो गई। पीछे से चेतककर्मियों की बाइक भी टकरा गई। तीनों मोटरसाइकिलों की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मनोज कुमार और अजय को मृत घोषित कर दिया। जबकि सिपाही सुशील कुमार के पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो बाईकों के तो परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक सवारों ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया था, हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों बाइक सवारों की मौत की पुष्टि की। वहीं अचानक हुई मौत के बाद बाइक सवारों के परिजनों में कोहराम मच गया है।

सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि बाइकों की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है। एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है। सूचना मिलते ही पथरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां दो लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

