भोपाल/देहरादून। मध्य प्रदेश के भोपाल में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास पर बुधवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे। मुख्यमंत्री धामी ने चौहान की माताजी स्वर्गीय काशी बाई के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री धामी ने शिवराज सिंह चौहान और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की तथा इस दुख की घड़ी में अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और संस्कार व्यक्ति के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। मां का निधन परिवार के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।

धामी ने कहा कि माता-पिता का स्थान जीवन में सबसे ऊंचा होता है। मां का स्नेह और उनके दिए संस्कार जीवनभर संतान का मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान और उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत काशी बाई की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें।
शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशी बाई के निधन के बाद देशभर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोगों की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी भोपाल पहुंचे और चौहान परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना प्रकट की।

