कुंभ मंथन में व्यापारियों ने उठाए मुद्दे, संतों ने कहा- व्यापारी आयोग की मांग जायज
हरिद्वार। रानीपुर मोड़ स्थित एक होटल में राष्ट्रीय व्यापार मंडल की ओर से शपथ समारोह और कुंभ मंथन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें व्यापारियों ने आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के साथ व्यापारी आयोग के गठन और ऑनलाइन शॉपिंग पर रोक लगाने की मांग उठाई। कार्यक्रम में व्यापारियों और संतों ने कुंभ की व्यवस्थाओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सचिव महानिर्वाणी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अखाड़ा परिषद रविंद्र पुरी ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के लिए अलग-अलग आयोग गठित किए गए हैं, ऐसे में व्यापारियों के लिए भी व्यापारी आयोग बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुंभ में करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में मेले से जुड़े सभी कार्य स्थायी और बेहतर होने चाहिए। संत समाज को भी हरिद्वार से सनातन का बड़ा संदेश देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भव्य और दिव्य कुंभ की तैयारियों के लिए बधाई और आशीर्वाद दिया।

मुख्य अतिथि करौली शंकर महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सनातन के हितों में लगातार कार्य कर रहे हैं। दोनों के नेतृत्व में आगामी कुंभ को भव्य और दिव्य बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है। इसमें व्यापारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। राष्ट्रीय व्यापार मंडल की ओर से आयोजित कुंभ मंथन में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने व्यापारी आयोग की मांग को जायज बताया।
बाबा हठयोगी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत साधु समाज महंत ऋषिश्वरानंद ने कहा कि आगामी कुंभ ऐतिहासिक होने जा रहा है। उन्होंने कुंभ की तैयारियों के लिए मुख्यमंत्री को साधुवाद और आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड देवभूमि के वास्तविक स्वरूप में आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय व्यापार मंडल व्यापारियों के साथ-साथ सामाजिक समस्याओं को भी लगातार उठाता रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि व्यापारियों के हित में व्यापारी आयोग का गठन किया जाना चाहिए। ऑनलाइन शॉपिंग पर रोक लगाए बिना छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों को राहत नहीं मिल सकती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कुंभ की तैयारियों को लेकर लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उनकी देखरेख में कुंभ की तैयारियां चल रही हैं और आगामी कुंभ भव्यता और दिव्यता के नए मापदंड स्थापित करेगा।
नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष मनोज गौतम ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी और कोर कमेटी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी दी है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। सभी वर्गों के व्यापारियों को साथ लेकर संगठन को मजबूत किया जाएगा।
इस दौरान योगी आशुतोष, प्रदेश महामंत्री सुधीश श्रोत्रिय, जिला महामंत्री भारत तलूजा, उपाध्यक्ष अशोक गिरी, ज्वालापुर शहर अध्यक्ष हरविंदर सिंह, कनखल शहर अध्यक्ष पंकज सन्नी, युवा जिला अध्यक्ष गौरव पाल, पुल जटवाड़ा अध्यक्ष अनिल तेश्वर, स्नेहलता चौहान, पिंकी त्यागी, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष जसबीर बसेड़ा, पुष्पेंद्र गुप्ता, व्यापारी नेता नरेंद्र चौहान, शहर महामंत्री आशीष अग्रवाल, विनोद मिश्रा, मिलन सैनी, प्रमोद यादव और प्रवीण सक्सेना सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

