हरिद्वार/देहरादून। उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने राज्य के आठ जिलों के लिए सतर्कता बरतने की चेतावनी जारी की है। रविवार सुबह तीन ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इस दौरान कई इलाकों में तेज सतही हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने ओलावृष्टि और तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई है। अलर्ट के दायरे में अल्मोड़ा, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और उधम सिंह नगर जिले शामिल हैं। इन क्षेत्रों में सतही हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही मध्यम दर्जे की गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से इस दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खासकर खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और कच्चे मकानों के आसपास न रुकने की सलाह दी गई है। किसानों को भी अपने फसलों और अनाज को सुरक्षित स्थानों पर रखने की हिदायत दी गई है।
देवभूमि उत्तराखंड में इन दिनों चारधाम यात्रा चल रही है। मौसम विभाग ने यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नज़र रखने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी संवेदनशील इलाकों में तैनाती बढ़ा दी है और स्थानीय निकायों को आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि बीते सप्ताह भी उत्तराखंड के कुछ जिलों में अचानक हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित हुआ था। कई जगहों पर पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की घटनाएं सामने आई थीं।