हरिद्वार। हरिद्वार में पिछले डेढ़ साल से उत्तरी हरिद्वार, मध्य हरिद्वार, जगजीतपुर और राजा गार्डन क्षेत्र में सीवरेज लाइन डालने का कार्य चल रहा है। डीएम मयूर दीक्षित धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर चेतावनी दे चुके हैं, लेकिन अभी तक न तो निर्माण कार्य पूर्ण हुआ और न ही सीवर लाइन डालने के बाद कई क्षेत्रों में सड़कें बिछाई गई। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले के मद्देनजर डीएम मयूर दीक्षित ने देर रात अपर रोड पर चल रहे सीवरेज निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदाई संस्था और ठेकेदार को कड़ी चेतावनी देते हुए सभी निर्माण कार्यों को हर हाल में 15 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समय पर काम पूरा होना जरूरी है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सड़क किनारे से मलबा और निर्माण सामग्री तत्काल हटाने के निर्देश दिए।

वर्तमान में संचालित हो रही चारधाम यात्रा एवं आगामी कांवड़ मेले को सुगम एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन अभी से ही तैयारी में जुटा है। हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कार्यदाई संस्था एवं कांट्रेक्टर को निर्देश दिए है कि अपर रोड में सीवरेज के जो भी निर्माण कार्य किए जा रहे है,उन कार्यों को हर हाल में 15 जून तक पूर्ण कर लिए जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता एवं लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। लापरवाही बरतने पर उन्होंने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में चार धाम यात्रा अपने चरम पर है तथा माह जुलाई के अंत में कांवड़ मेला भी शुरू हो जायेगा। इसके लिए यह जरूरी है कि यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए तथा श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई परेशानी न हो। यह जरूरी है कि जो भी निर्माण कार्य चल रहे है,उन्हें समय से पूर्ण कर लिए जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए है कि यातायात बाधित न हो इसके लिए सड़क किनारे पड़े मलबे एवं निर्माण सामग्री को तत्काल हटाना सुनाश्चित किया जाएं।
जिलाधिकारी ने ब्रह्मपुरी क्षेत्र में सीवरेज कार्यों हेतु खोदी गई सड़क के मरम्मत कार्यों को अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित ठेकेदार को सड़क मरम्मत कार्य को गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण एवं सड़क किनारे पड़े मलबे को भी हटाने के निर्देश दिए।
करीब एक महीने पहले मीडिया ने सीवर कार्यों के चलते सड़को में गड्ढे, जलभराव और धीमी निर्माण गति के कारण लोगों को हो रही परेशानी को प्रमुखता से उठाया था। उसके बाद डीएम मयूर दीक्षित ने संबंधित विभाग को सड़क निर्माण करने के साथ ही गड्ढे भरने के निर्देश दिए थे। डीएम के निर्देश के बाद अपर बाजार समेत कई क्षेत्रों में सड़कें बिछाई गईं। रोजाना प्रशासन की ओर से सड़क की प्रगति की रिपोर्ट भी भेजी जा रही है। लेकिन जर्मन बैंक पोषित इस प्रोजेक्ट के तहत अभी भी कई क्षेत्रों सीवर लाइन बिछाने का कार्य अधूरा है। आगामी कावड़ मेला शुरूहने वाला है, उससे पहले प्रशासन का प्रयास है कि सभी कार्य पूर्ण कर लिये जाएं। इसके लिए डीएम ने 15 जून तक का समय सुनिश्चित कर दिया है।

