हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को नगर आयुक्त नंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में मेले के दौरान स्वच्छता, शौचालय, कूड़ा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि कांवड़ मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रमुख मेला क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में एफआरपी शौचालय और मोबाइल शौचालय समय से स्थापित किए जाएं, ताकि स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो।
उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा करते हुए कूड़ा संग्रहण, परिवहन और निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त संख्या में वाहनों की उपलब्धता बनाए रखने को कहा। नगर आयुक्त ने सभी प्रमुख मेला स्थलों पर सफाई निरीक्षकों के कैंप कार्यालय स्थापित करने के निर्देश भी दिए, ताकि क्षेत्रीय स्तर पर समन्वय बेहतर रहे और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके। उन्होंने मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए ड्रोन का उपयोग करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, अधिशासी अभियंता रचना पायल, सहायक नगर आयुक्त महेंद्र यादव, मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकांत समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य करने को कहा।

