नाला सफाई को लेकर भाजपा के दो नेताओं में विवाद, पार्षद पर जान से मारने की धमकी का आरोप, कोतवाली में दी शिकायत
हरिद्वार। सप्तऋषि क्षेत्र में नाला सफाई को लेकर भाजपा के दो नेताओं के बीच विवाद सामने आया है। वार्ड नंबर-1 में नाला सफाई की शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे भाजपा पार्षद और मंडल मंत्री के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद पार्षद के खिलाफ नगर कोतवाली में शिकायत दी गई है। इस बीच दोनों के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, भाजपा सप्तऋषि मंडल के मंत्री विकास गुप्ता ने नाले की सफाई नहीं होने की शिकायत नगर निगम से की थी। शिकायत के बाद शनिवार को नगर निगम की जेसीबी मशीन नाले की सफाई के लिए मौके पर पहुंची। इसी दौरान भाजपा पार्षद आकाश भाटी और भाजपा नेता मुकेश पुरी भी वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने जेसीबी से नाला क्षतिग्रस्त किए जाने का विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला तीखी नोकझोंक में बदल गया। विकास गुप्ता ने नगर कोतवाली में दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि चार जुलाई को मिश्राजी वाली गली स्थित शिव मंदिर चौक पर पार्षद आकाश भाटी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उनका कहना है कि घटना के बाद उन्हें और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।

वहीं नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है जिसके आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो की भी जांच की जा रही है।

