हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे नगर निगम हरिद्वार ने मंगलवार को रोडीबेलवाला क्षेत्र में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ और विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में चले इस अभियान में जिला प्रशासन और पुलिस का भी सहयोग रहा। अभियान के दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए 50 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए, जबकि पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर कांवड़ यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई की गई।
नगर निगम की टीम ने रोडीबेलवाला क्षेत्र में सड़क किनारे रखे गए अस्थायी ढांचे, अवैध कब्जे और अन्य बाधाओं को हटाया, ताकि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही सुचारु बनी रहे। इसके साथ ही सफाई कर्मचारियों ने पूरे क्षेत्र में कूड़ा-कचरा हटाकर व्यापक सफाई अभियान चलाया और मेला क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का कार्य किया।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में नगर निगम की प्राथमिकता मेला क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना है। उन्होंने कहा कि रोडीबेलवाला सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि नगर निगम पूरे कांवड़ मेले के दौरान विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करेगा। इसके लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। प्रमुख मार्गों, घाटों, पार्किंग स्थलों और मेला क्षेत्र में नियमित सफाई, कूड़ा उठान और सैनिटेशन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

साथ ही आमजन से भी अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ मेले से पहले ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जा सकें। अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हरिगिरि, सेनिटेशन सेल प्रभारी संजय शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल कुमार, रोडीबेलवाला चौकी प्रभारी संदीप वर्मा समेत नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

