लक्सर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा लक्सर विधानसभा की ओर से ग्राम पीपली स्थित जमदग्नि पब्लिक स्कूल में भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। एम्स ऋषिकेश के चिकित्सकों की टीम के सहयोग से आयोजित शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में 120 से अधिक यूनिट रक्त एकत्र किया गया, जबकि 40 महिलाओं ने भी रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि तथा भाजपा युवा मोर्चा के तीनों मंडल अध्यक्ष अर्जुन सैनी, शिवाय गुप्ता और राहुल चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान वक्ताओं ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए युवाओं से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया।
राज्यमंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में रक्त की आवश्यकता हमेशा बनी रहती है, इसलिए स्वस्थ लोगों को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा द्वारा सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।

शिविर के दौरान एम्स ऋषिकेश के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच कर सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया। रक्तदान करने वाले युवाओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश रस्तोगी, जितेंद्र चौधरी, सहदीप चौधरी, अक्षय पंवार, प्रमोद शर्मा, संजीव पुंडीर, लेखराज चौधरी, सागर सैनी, आर्यन नामदेव, शिवम त्यागी, डॉ. आरुषि, डॉ. पवन, डॉ. प्रथम सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के अंत में सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनसेवा के कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया गया।

