हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शांतरशाह गांव के पास हुए हैप्पी हत्याकांड में पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक पुत्र वहीद निवासी शांतरशाह को सहारनपुर के छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस और खून सनी शर्ट बरामद की गई है। इससे पहले पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी मुदस्सिर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस पूछताछ में इस्तकार ने मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते हैप्पी की हत्या करने की बात बताई है। इस्तकार पर पुलिस ने दस हजार का इनाम भी घोषित किया था।
बता दे कि बीती 14 सितंबर को पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा, शांतरशाह के पास 28 वर्षीय बाइक मैकेनिक हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर बहादराबाद कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस टीम ने बहादराबाद क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान मुदस्सिर नाम के बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि वारदात में शामिल चार अन्य बदमाश फरार चल रहे थे।

जांच के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी इस्तकार के यूपी के सहारनपुर स्थित फतेहपुर थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली। मंगलवार को इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सहारनपुर के छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर इस्तकार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल तमंचा और खून से सनी शर्ट बरामद की गई।

एसपी क्राइम निशा यादव के अनुसार, पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इस्तकार को वर्ष 2022 के एक मामले में हैप्पी पर पुलिस की मुखबिरी करने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से रंजिश थी। जेल से बाहर आने के बाद इस्तकार स्मैक का धंधा करने लगा। पुलिस के मुताबिक, हैप्पी उसे लगातार पुलिस से पकड़वाने की धमकी देता था और पैसों की मांग भी कर रहा था। इससे परेशान होकर इस्तकार ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 12 सितंबर को घटनास्थल की रेकी की और दो दिन बाद 14 सितंबर को हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी जंगल के फरार हो गए थे। इससे पहले पुलिस ने देर रात नहर पटरी पर मुठभेड़ के दौरान मुदस्सिर को गिरफ्तार किया था। उसके पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की थी।

एसपी क्राइम निशा यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस मामले में एक अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

