अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार ने रोड़ीबेलवाला और गंगा घाटों का किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश
हरिद्वार। कुंभ मेले की तैयारियों के बीच मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए मेला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। खासकर गंगा घाटों की स्वच्छता और रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर अपर मेलाधिकारी एवं नगर आयुक्त नंदन कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ मेले से जुड़ी तैयारियों में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। वहीं, गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में तीनों पालियों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार ने रोड़ीबेलवाला क्षेत्र और गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूरे करने और उनमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। यदि किसी ठेकेदार की ओर से लापरवाही बरती गई या गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि रोड़ीबेलवाला क्षेत्र कुंभ मेले के प्रबंधन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यह क्षेत्र हरकी पैड़ी तक पहुंचने वाले मार्ग से भी जुड़ा है। ऐसे में यहां आधारभूत सुविधाओं के विकास, सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य बेहतर समन्वय के साथ पूरे किए जाने जरूरी हैं।
तीन पालियों में होगी घाटों की सफाई
गंगा घाटों की स्वच्छता को लेकर नगर आयुक्त ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों और रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में तीनों पालियों में नियमित सफाई कराई जाए। कूड़ा उठान और निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था हो, ताकि कहीं भी गंदगी जमा न हो। उन्होंने सफाई कार्य में लगे पर्यावरण मित्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं। साथ ही जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पर्यावरण मित्रों की तैनाती करने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति करेंगे जागरूक
कुंभ मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए घाटों पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध कराने और श्रद्धालुओं को कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। इसके लिए सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लेने को भी कहा।
इसके अलावा गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में स्थित सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को असुविधा न हो। नगर आयुक्त ने कहा कि कुंभ की तैयारियों में निर्माण कार्यों के साथ सफाई और जनसुविधाओं पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाए। सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए उन्हें समयबद्ध तरीके से दुरुस्त किया जाए।

