हरिद्वार। दो बसों के बीच में फंसकर परिचालक घायल। परिवहन निगम के बस स्टैंड पर दो बसों के बीच में परिचालक दबकर घायल हो गया। घायल परिचालक को आनन फानन में मेला अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे देहरादून हाइयर सेंटर रेफर किया गया। परिचालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। शुक्रवार की सुबह 9 बजे के लगभग की घटना बताई जा रही है। ऋषिकेश डिपो चालक ग़य्यूर अली ने बताया कि बस स्टैंड पर मुजफ्फरनगर डिपो और ऋषिकेश डिपो की बस बाहर जाने के लिए गेट पर पहुंची। इसी दौरान ऋषिकेश का परिचालक चंद्रशेखर दोनों बसों के बीच में फंस गया। मुजफ्फरनगर डिपो के चालक आदेश ने बस को आगे बढ़ा दिया। बस आगे बढ़ने से ऋषिकेश परिचालक दोनों के बीच में पीसने से नीचे गिरा और मुंह से खून भी निकला। गनीमत रही चालक ने ब्रेक लगा दिए नहीं तो परिचालक बस के नीचे आ जाता। परिचालक के घायल होने पर हंगामा मच गया। आसपास के चालक और परिचालक भी मौके पर पहुंचे और घायल परिचालक को अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि परिचालक की पसली और लीवर में चोट आई है, हालत गंभीर बनी हुई है। मुजफ्फरनगर डिपो के चालक और बस को स्टैंड पर ही रोक दिया गया।

