गंगा बंदी के दौरान घाटों के निर्माण और मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश, अस्थायी कार्यों की भी रोजाना होगी समीक्षा
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। गंगा नहर बंदी के दौरान हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप, सुभाष घाट और रोड़ी बेलवाला सहित कुंभ क्षेत्र के मुख्य हिस्सों में चल रहे निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। इसके लिए घाटों पर दिन-रात काम कराने और श्रमिकों व मशीनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मेलाधिकारी सोनिका ने बुधवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कुंभ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्य क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। काम की रफ्तार के साथ निर्माण की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में यूआईआईडीबी की ओर से हरकी पैड़ी और रोड़ी बेलवाला के पुनर्विकास के तहत कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गंगा नहर बंदी की अवधि का अधिकतम उपयोग करते हुए घाटों के निर्माण और मरम्मत का काम तेजी से पूरा किया जाए। कार्यस्थलों पर श्रमिकों, मशीनों और अन्य जरूरी संसाधनों की कमी नहीं होनी चाहिए।
सोनिका ने मेला प्रशासन और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला स्तर पर तैनात अधिकारियों और गुणवत्ता जांच करने वाली एजेंसी को भी लगातार निरीक्षण और जांच करने को कहा।
आई ट्रिपल-सी और सड़क-पुलों के कामों पर भी नजर
कुंभ क्षेत्र में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आई ट्रिपल-सी) के लिए भूमिगत केबल बिछाने के काम को भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सड़कों और पुलों से जुड़े निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि श्रमिकों या संसाधनों की कमी के कारण किसी भी कार्य की गति प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
निर्माण कार्यों की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करते हुए अब अस्थायी कार्यों और आई ट्रिपल-सी से जुड़े कामों की भी प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे रोजाना कार्यों की प्रगति, श्रमिकों की तैनाती और संसाधनों की उपलब्धता पर नजर रखें। जहां काम की गति धीमी मिले, वहां तत्काल जरूरी कदम उठाए जाएं।
बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) विपिन कुमार, सीओ कुंभ उमेश मलिक, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

