हरिद्वार। सीडीओ ललित नारायण मिश्र ने कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर मेला क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलों के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। शनिवार को कुंभ मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर सीडीओ के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने विभिन्न स्थानों पर निर्माणाधीन चार पुलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण की प्रगति के साथ गुणवत्ता भी परखी। धनौरी सिडकुल लिंक मार्ग पर बन रहे पुल की धीमी प्रगति पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान टीम सबसे पहले खड़खड़ी श्मशान घाट जाने वाले मार्ग पर सूखी नदी में बन रहे डबल लेन पुल पर पहुंची। कॉजवे के स्थान पर 1321.96 लाख रुपये की लागत से इस पुल का निर्माण चल रहा है।इसके बाद मायापुर स्कैप चैनल पर दक्षद्वीप और बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे पुल का निरीक्षण किया गया। पूर्व निर्मित सेतु के डाउन स्ट्रीम में 1246.09 लाख रुपये की लागत से 60 मीटर स्पान बो स्ट्रीम स्टील गर्डर डबल लेन पुल का निर्माण चल रहा है।
अधिकारियों ने ज्वालापुर से ईदगाह, सुभाषनगर पीएसी होते हुए शिवालिक नगर जाने वाले मोटर मार्ग के किलोमीटर तीन में पथरी रौ नदी पर निर्माणाधीन पुल का भी निरीक्षण किया। 966.61 लाख रुपये की लागत से 60 मीटर स्पान प्री स्ट्रेस आरसीसी पुल बनाया जा रहा है।
धनौरी सिडकुल लिंक मार्ग पर पथरी रौ नदी में पुरानी गंगनहर साइफन के डाउन स्ट्रीम में 1659.42 लाख रुपये की लागत से बन रहे 90 मीटर स्पान कंपोजिट स्टील गर्डर डबल लेन पुल की प्रगति भी देखी गई। यहां काम की गति अपेक्षाकृत धीमी मिलने पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि कुंभ से जुड़ी सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने थर्ड पार्टी एजेंसी से नियमित गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश भी दिए। जांच में लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल समाप्त होने को है। ऐसे में निर्माण कार्यों की गति बढ़ाई जाए। कार्यस्थलों पर मशीनरी, निर्माण सामग्री और पर्याप्त संसाधन पहले से उपलब्ध रखे जाएं। जरूरत के अनुसार दिन-रात काम कराकर परियोजनाएं समय पर पूरी की जाएं।
निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञ समन्वयक गंगा प्रसाद पंत, कुंभ मेला टेक्निकल सेल के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

