पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती, साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
देहरादून। बैंककर्मी की हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी लेने वाला लक्सर निवासी बदमाश देहरादून पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने भागने की कोशिश की। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस टीम गोरखपुर चौक के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक दौड़ाकर प्रेमनगर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी चाय बागान की पगडंडी पर बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित चौहान (25) पुत्र ध्रुव नारायण निवासी सोसायटी रोड, लक्सर, केशव नगर, हरिद्वार के रूप में हुई है। वहीं उसका फरार साथी अंकुर पुत्र ब्रह्मपाल निवासी लोको मोहल्ला, पीर वाली गली, लक्सर बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, आठ सितंबर को देहरादून के बड़ोवाला क्षेत्र में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर फायरिंग कर जानलेवा हमला किया गया था। जांच में सामने आया कि बैंककर्मी की हत्या के लिए अंकित चौहान ने पांच लाख रुपये की सुपारी ली थी। मामले के खुलासे के लिए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली। इसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अंकित को गिरफ्तार किया। पुलिस फरार आरोपी अंकुर की तलाश के साथ ही सुपारी देने वाले व्यक्ति और पूरे घटनाक्रम में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

