हरिद्वार। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रानीपुर में आयोजित तीन दिवसीय स्वर्ण जयंती साहित्यिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव ‘स्वर्ण अक्षर-2026 स्वर्णिम प्रवाह’ का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। साहित्य, संस्कृति, कला, संगीत और सृजनात्मकता से सजे समारोह में विद्यालय की पांच दशकों की यात्रा और उपलब्धियों को प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों की विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

समारोह में उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव आनंद बर्धन मुख्य अतिथि रहे। बीएचईएल के निदेशक (वित्त) एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और बीएचईएल के कार्यकारी निदेशक रंजन कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत, स्वागत गीत और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

समारोह में प्रस्तुत स्वर्ण जयंती वीडियो के माध्यम से डीपीएस रानीपुर की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की यात्रा, उपलब्धियों और पूर्व विद्यार्थियों की सफलताओं को दर्शाया गया। प्रख्यात कवि सतीश सृजन और कवयित्री वैष्णवी शर्मा ने भी प्रस्तुति दी। वैष्णवी शर्मा ने महाभारत के प्रसंगों को कविता के माध्यम से प्रस्तुत किया।

वहीं विद्यार्थियों के कठपुतली नृत्य, नवरस पर आधारित शास्त्रीय नृत्य और मुंबई से आए कथक दल की ओर से रामायण के प्रसंगों पर दी गई प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने रहस्य और रोमांच से भरपूर अंग्रेजी नाटक का मंचन भी किया।
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने साहित्य की प्रासंगिकता बताते हुए कहा कि तकनीक उत्तर दे सकती है, लेकिन साहित्य बेहतर प्रश्न पूछना सिखाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सीखने, सहयोग करने और समाज में सार्थक योगदान देने का संदेश दिया। उन्होंने डीपीएस रानीपुर की 50 वर्षों की यात्रा और उपलब्धियों की सराहना करते हुए विद्यालय को बधाई दी।
बीएचईएल के निदेशक (वित्त) एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने डीपीएस रानीपुर और बीएचईएल की साझा विरासत की सराहना की। उन्होंने साहित्य को जीवन और आत्मखोज को समृद्ध करने का माध्यम बताया। कार्यकारी निदेशक रंजन कुमार ने विद्यालय की उत्कृष्टता, मजबूत मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का आभार जताते हुए कहा कि स्वर्ण जयंती वर्ष में यह पहला आयोजन है। वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालय विद्यार्थियों को उत्कृष्टता के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

