हरिद्वार, संवाददाता। कनखल थाना पुलिस ने फुटबॉल ग्राउंड के पास हुए गोलीकांड के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम भारत और ऋतिक हैं। आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर मामली विवाद के बाद सचिन नाम के युवक को गोली मार दी और फरार हो गए थे। गंभीर रूप से घायल सचिन का हायर सेंटर में अस्पताल चल रहा है। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान एक महिला भी शामिल थी, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक सचिन और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। बीते बुधवार रात को फुटबॉल ग्राउंड के पास आरोपियों ने सचिन को घेर लिया था। पहले उसके साथ जमकर मारपीट की और फिर सचिन के ऊपर फायर झोंक दिया। जांघ में गोली लगते ही सचिन लड़खड़ा कर गिर गया और बेहोश हो गया। गोली मारते ही आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। सचिन के भाई आकाश की ओर से अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। गोलीकांड की घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने भी पुलिस टीम का गठन किया और सफलता हासिल करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की। एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि इस मामले में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल गिरफ्तार किए गए दोनों कोर्ट में पेश किया गया है।

आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कनखल थाना प्रभारी मनोहर सिहं रावत, एसएसआई, सतेन्द्र भण्डारी, दरोगा अशोक सिरसवाल, एएसआई ललित मोहन अधिकारी और सिपाही दीपक कुमार, उमेद सिहं, सतेन्द्र रावत और प्रलव चौहान शामिल रहे।

