हरिद्वार। कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने विकास कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। कुंभ में गंगा स्वच्छता का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। शनिवार को नगर आयुक्त नंदन कुमार ने UIIDB योजना के तहत कराए जा रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने वेंडिंग जोन, शौचालय और ड्रेनेज सिस्टम समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गंगा की निर्मलता और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए ड्रेनेज व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया।

नगर आयुक्त ने परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट को वेंडिंग जोन को व्यवस्थित तरीके से विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक हरिद्वार पहुंचेंगे। ऐसे में स्थानीय व्यापारियों के साथ श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।

उन्होंने निर्माणाधीन शौचालयों को निर्धारित मानकों के अनुरूप जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही ड्रेनेज सिस्टम को सुचारू रखने और इस बात का विशेष ध्यान रखने को कहा कि गंदा पानी गंगा में न पहुंचे। नगर आयुक्त ने कहा कि कुंभ 2027 को देखते हुए क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाना जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर और सुव्यवस्थित सुविधाएं मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट, सहायक अभियंता सुशील रामोला, UIIDB से आनंद, नगर निगम की टीएस निशात अंसारी और शिव सिंह चौहान मौजूद रहे।

