हरिद्वार। उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राजधानी देहरादून में पेयजल सचिव रणवीर सिंह चौहान और जल संस्थान मुख्यालय के विभाग सचिव मनीष सेमवाल के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को उठाया। बैठक के दौरान संगठन के मांग पत्र पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं और लंबित मांगों को अधिकारियों के समक्ष रखा।

इस पर पेयजल सचिव ने मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए जल्द ही एक और निर्णायक बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया।
संगठन के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष प्रवीण सैनी ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संवाद की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी और संगठन एकजुट होकर कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रयासरत रहेगा। उन्होंने बैठक को सकारात्मक बताते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही कर्मचारियों की मांगों पर ठोस निर्णय लिया जाएगा। कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए एकता और संवाद सबसे प्रभावी माध्यम हैं तथा भविष्य में भी इसी भावना के साथ प्रयास जारी रहेंगे।

इस दौरान संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष रामचंद्र सेमवाल, प्रदेश महामंत्री श्याम सिंह नेगी, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष प्रवीण सैनी, मंडल महामंत्री शिशु पाल रावत, हरिद्वार शाखा अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत, कोषाध्यक्ष लाल सिंह रौतेला, शाकंभरी रावत, अंकित पाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

