लक्सर, हरिद्वार। लक्सर कोतवाली पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक परिवार पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार 10 जून को लक्सरी गांव में हुए विवाद के संबंध में जावेद पुत्र शमसाद निवासी वार्ड नंबर-5, लक्सरी ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया था कि समीर उर्फ आशु और उसके अन्य साथियों ने एक राय होकर उसके घर में घुसकर उसके तथा उसके माता-पिता पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। साथ ही उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली लक्सर में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर हरिद्वार के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर उर्फ आशु पुत्र रहीश निवासी लक्सरी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना से पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी अपने भाई और अन्य साथियों के साथ शिकायतकर्ता के घर पहुंचा और फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। गनीमत रही कि गोलीबारी में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
इंस्पेक्टर प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि हत्या के प्रयास के मामले में नामजद आरोपी समीर उर्फ आशु को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही जांच की जा रही है कि इन आरोपियों के पास तमंचा कहां से आया। क्या कोई इन नवयुवकों को अवैध तमंचों की सप्लाई तो नहीं कर रहा है?
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल शमशेर खां और होमगार्ड प्रदीप कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।

