हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले को लेकर प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को मेला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने पुलिस बल के साथ रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में अभियान चलाकर 50 से अधिक अतिक्रमण ध्वस्त कर दिए। कार्रवाई के दौरान सड़क और सार्वजनिक भूमि पर बनाए गए अस्थायी ढांचे, झोपड़ियां, दुकानें और ठेलियां हटाई गईं।
कुंभ मेला अधिकारी सोनिका और नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशन में टीम ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में अभियान शुरू किया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने जेसीबी की मदद से सार्वजनिक भूमि पर किए गए कब्जों को हटाया और मौके को खाली कराया।

रोड़ी बेलवाला हरकी पैड़ी के नजदीक होने के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिहाज से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां अस्थायी कब्जों के कारण सड़क पर आवाजाही प्रभावित होने के साथ श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। आगामी कुंभ मेले और स्नान पर्वों को देखते हुए प्रशासन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने की तैयारी में जुटा है।

दोबारा कब्जा किया तो होगी कार्रवाई
उप मेला अधिकारी मनजीत सिंह ने बताया कि मेला प्रशासन और नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर 50 से अधिक अतिक्रमण हटाए हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हटाए गए अतिक्रमणकारियों का विवरण भी जुटाया गया है, ताकि दोबारा कब्जा करने वालों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

